सीएम धामी ने टिहरी जिले में केंद्रीय विद्यालय को मंजूरी मिलने पर जताया आभार

देहरादून, 6 अप्रैल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी गढ़वाल के मदन नेगी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी प्रदान किए जाने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। 

केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा मदन नेगी, टिहरी गढ़वाल में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी प्रदान की गई है। यह विद्यालय सिविल सेक्टर के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ही शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खुलने से मदन नेगी एवं आसपास के क्षेत्र में नौनिहालों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर शैक्षिक ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे लाने एवं उनके भविष्य को संवारने के लिए संकल्पित है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''जनपद टिहरी गढ़वाल के मदननेगी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी प्रदान करने हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहृदय आभार। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से मदननेगी एवं आसपास के क्षेत्रों के नौनिहालों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा प्राप्त हो सकेगी, साथ ही स्थानीय स्तर पर शैक्षिक ढांचे को मजबूती भी मिलेगी।''

नए केंद्रीय विद्यालय का संचालन प्रारंभिक चरण में कक्षा 1 से 5 तक (प्रत्येक कक्षा में एक सेक्शन) किया जाएगा, जिसे आवश्यकता व स्वीकृति के अनुसार आगामी वर्षों में क्रमिक रूप से विस्तारित किया जाएगा। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया सभी आवश्यक औपचारिकताओं के पूर्ण होने के 30 दिनों के भीतर शुरू कर दी जाएगी।

गौरतलब है कि यह निर्णय केंद्र सरकार की पूर्व स्वीकृति के क्रम में लिया गया है, जिसके तहत देशभर में 85 नए केन्द्रीय विद्यालय खोले जाने हैं। मदन नेगी, टिहरी गढ़वाल स्थित यह विद्यालय उन्हीं स्वीकृत विद्यालयों में शामिल है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement