फरीदाबाद: गर्लफ्रेंड की चुन्नी से युवक ने लगाई फांसी, दोनों शादीशुदा, 3-3 बच्चों के माता-पिता

फरीदाबाद, 6 मई । हरियाणा के फरीदाबाद के खेड़ी थाना क्षेत्र के टीकवाली गांव के पास स्थित एक होटल में लगभग 30 वर्षीय एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नजीर के रूप में हुई है, जो पेशे से इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करता था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नजीर का पिछले करीब दो वर्षों से ज्योति नामक 26 वर्षीय महिला के साथ प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। दोनों पहले से ही शादीशुदा हैं और तीन-तीन बच्चों के माता-पिता भी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में तनाव चल रहा था और आपसी विवाद बढ़ता जा रहा था।

घटना वाली रात दोनों एक-दूसरे से मिलने के लिए टीकवाली गांव के पास स्थित लविश नामक होटल में पहुंचे थे। तय समय के अनुसार, दोनों होटल के कमरे में पहुंचे और आपस में बातचीत करने लगे। रात करीब 11 बजे रिश्ते को लेकर गंभीर चर्चा शुरू हुई। इसी दौरान ज्योति ने नजीर से साफ शब्दों में कह दिया कि वह अब उससे कोई रिश्ता नहीं रखना चाहती और यह उनकी आखिरी मुलाकात है।

यह बात सुनकर नजीर काफी नाराज हो गया। जिसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में काफी देर तक झगड़ा चलता रहा।

रात करीब 12 बजे के आसपास झगड़े के बाद ज्योति होटल से चली गई, जबकि नजीर, होटल के कमरे में ही रुक गया। बताया जा रहा है कि जल्दबाजी में ज्योति की सूट की चुन्नी कमरे में ही छूट गई थी। इसके बाद नजीर ने उसी चुन्नी से पंखे के सहारे फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

सुबह जब काफी देर तक कमरे से कोई बाहर नहीं निकला तो होटल के केयरटेकर को शक हुआ। उसने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया तो देखा कि नजीर चुन्नी के सहारे पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था, लेकिन उसने घर में किसी को भी इस बारे में कुछ नहीं बताया था। उन्होंने यह भी शक जताया है कि कहीं उनके बेटे के साथ कोई गलत घटना तो नहीं हुई, क्योंकि उनके अनुसार उनका बेटा इस तरह का कदम नहीं उठा सकता।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। होटल के कर्मचारियों और संबंधित महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement