उत्तरकाशी: मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए शिक्षण संस्थानों में चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान

उत्तरकाशी, 6 जून । उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफल बनाने और मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है जो मतदाता सूची के शुद्धीकरण तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने का संकल्प ले रहे हैं।

स्वीप प्रभारी डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल ने अभियान के दौरान प्रतिभागियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे।

उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश पहली बार में कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार तक उसके घर पहुंचकर संपर्क स्थापित करने का प्रयास करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए डिजिटल माध्यम भी उपलब्ध कराए गए हैं। मतदाता ईसीआई-नेट ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से गणना प्रपत्र डाउनलोड कर स्वयं ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त बुक अ कॉल विद बीएलओ सुविधा के माध्यम से मतदाता सीधे अपने बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क स्थापित कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर सुनिश्चित किया जा सके। जिले के शिक्षण संस्थानों में चल रहे हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

इस अभियान में जिले के युवा भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं और दूसरों को भी इस अभियान के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement