मध्य प्रदेश: सागर में नकली शराब पीने से 10 की मौत, तीन अफसर निलंबित

भोपाल/सागर 6 सितंबर । मध्य प्रदेश के सागर जिले में नकली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के सख्त निर्देश के बाद तीन अफसर को निलंबित किया गया है और एक को मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है। सीएम मोहन यादव ने सुबह ही कहा था कि इस घटना के लिए दोषी बख्शा नहीं जाएगा।

दरअसल, सागर जिले की बंडा तहसील के ग्राम गोगरा खुर्द, नौरोज, और पाटन में नकली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोगों का अब भी इलाज चल रहा है। इसे लेकर सीएम मोहन यादव के निर्देश पर सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सागर के सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त के आबकारी उप-निरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित कर दिया गया है।

प्रशासन ने उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय अटैच कर दिया है। घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा था कि प्रभारी मंत्री एवं अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की थी और प्रभावित क्षेत्र में तत्काल जांच, राहत एवं उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के मद्देनजर सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter