दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश, जलभराव से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग

नोएडा, 7 अगस्त । दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार, 7 अगस्त के लिए तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

बीती देर रात से ही दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित एनसीआर के कई इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है। सुबह के समय हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है, लेकिन कई स्थानों पर जलभराव और टूटी सड़कों में बने गड्ढों के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

लगातार दो दिनों से हो रही बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि बारिश के चलते कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 7 अगस्त को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग ने दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहने और भारी बारिश की संभावना जताई है। विशेष रूप से सुबह और पूर्वाह्न के दौरान मध्यम से भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है, जिसके मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के आगामी पूर्वानुमान के अनुसार, 8 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 9 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री तथा न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ सामान्य रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है।

10 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी का पूर्वानुमान है और कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। 11 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री तथा न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 12 अगस्त को भी अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान लगाया गया है।

बारिश के कारण राजधानी और एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। टूटी सड़कों पर बने गहरे गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई है, जिससे कार्यालय जाने वाले लोगों और स्कूल वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कई दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन जलभराव और ट्रैफिक जैसी समस्याएं बनी रह सकती हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter