महाराष्ट्र: लातूर में तेज रफ्तार कार की ट्रक और कंटेनर से टक्कर, चार की मौत

लातूर, 8 मार्च। महाराष्ट्र के लातूर जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा लातूर–तुलजापुर हाईवे पर तीन वाहनों के बीच टक्कर के कारण हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक दुर्घटना लातूर–तुलजापुर महामार्ग पर औसा के पास देर रात हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने आगे चल रहे लकड़ी से भरे ट्रक और एक कंटेनर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह बीएमडब्ल्यू कार संगली जिले की थी और किसी काम के सिलसिले में लातूर आई हुई थी। काम खत्म करने के बाद कार में सवार लोग शिवली इलाके में खाना खाने के बाद औसा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर एक होटल के सामने यह भयानक हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि लकड़ी से लदा ट्रक करीब 100 फीट दूर जाकर पलट गया, जबकि बीएमडब्ल्यू कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद सड़क पर खून बिखर गया और कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement