उत्तराखंड में आयुष्मान योजना बनी गरीबों का सहारा, हजारों मरीजों को

चमोली, 9 मई । उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत बन रही है। जिले में हजारों लोग इस योजना का लाभ लेकर हर साल 5 लाख तक का मुख्त इलाज करा रहे हैं। खास बात यह है कि दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।

जिला मुख्यालय गोपेश्वर के जिला अस्पताल में भर्ती दिगपाल सिंह बताते हैं कि अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके पास आयुष्मान कार्ड था, जिसकी वजह से उनका पूरा इलाज निशुल्क हुआ। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सभी जरूरी जांचें मुफ्त में की गईं और डॉक्टरों की ओर से अच्छी सुविधा भी दी गई। दिगपाल सिंह कहते हैं कि पहले गरीब परिवारों को इलाज के लिए काफी परेशान होना पड़ता था, लेकिन अब आयुष्मान योजना से लोगों को बड़ी मदद मिल रही है। उनका कहना है कि यह योजना गरीबों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

इसी तरह लाभार्थी भरत राम भी इस योजना से काफी संतुष्ट नजर आए। उन्होंने बताया कि वे 11 तारीख से अस्पताल में भर्ती हैं और आयुष्मान कार्ड होने की वजह से उनका इलाज बिना किसी खर्च के चल रहा है। भरत राम का कहना है कि सरकार की यह बहुत अच्छी योजना है, जिससे गरीब परिवारों को काफी राहत मिल रही है। उन्होंने इसके लिए सरकार का आभार भी जताया।

अगर आंकड़ों की बात करें तो चमोली जिले में अब तक 2 लाख 36 हजार 108 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इनमें से 63 हजार 978 लाभार्थियों का इलाज इस योजना के तहत कराया गया है। इलाज पर अब तक 1 अरब 1 करोड़ 59 लाख 5 हजार 306 रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इससे साफ है कि योजना का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रहा है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter