उत्तराखंड: 7 जुलाई तक घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र प्राप्त करेंगे बीएलओ, सहयोग की अपील

उत्तरकाशी, 9 जून । विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत सीमांत क्षेत्र स्थित बरी गांव में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को गणना प्रपत्र वितरित किए। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत बीएलओ आगामी 7 जुलाई तक क्षेत्र के प्रत्येक परिवार से संपर्क कर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें भरवाकर वापस भी प्राप्त करेंगे।

मतदाता सूची को शुद्ध, अपडेट एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से संचालित इस अभियान का सीमांत गांव बरी के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मतदाता जागरूकता अभियान को विशेष स्वरूप देने के लिए ग्रामीणों ने अपनी समृद्ध लोक संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए पारंपरिक तांदी और हारुल नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

गूंजते पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोक संगीत की धुनों के बीच ग्रामीणों ने नृत्य के माध्यम से निर्वाचन आयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने न केवल आयोग की इस जनसहभागिता आधारित पहल का स्वागत किया, बल्कि पूरे क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम और मतदाता जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि 7 जुलाई तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सभी नागरिक बूथ लेवल अधिकारियों का सहयोग करें तथा समयबद्ध तरीके से अपने गणना प्रपत्र जमा कर मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने में सहभागिता निभाएं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement