10 जुलाई को देहरादून के कक्षा 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
देहरादून में 10 जुलाई 2026 को भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के चलते कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया।

देहरादून, 9 जुलाई। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी), देहरादून द्वारा 10 जुलाई 2026 के लिए भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी और जनपद में संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के आदेशानुसार शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को जनपद देहरादून में संचालित कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, अशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
प्रशासन के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज वर्षा की संभावना है। छात्रों और छोटे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के पास न जाएं तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Source: The News Com Network

