सऊदी अरब में फंसे इंद्रमणि की घर वापसी को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी से मिले विधायक सुरेश चौहान
सऊदी अरब में आठ वर्षों से फंसे इंद्रमणि की घर वापसी का मामला अब शासन स्तर पर पहुंच गया है। इस मुद्दे को लेकर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इंद्रमणि नौटियाल की वापसी के लिए प्रभावी पहल करने का आग्रह किया।

उत्तरकाशी, 9 अगस्त । सऊदी अरब में आठ वर्षों से फंसे इंद्रमणि की घर वापसी का मामला अब शासन स्तर पर पहुंच गया है। इस मुद्दे को लेकर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इंद्रमणि नौटियाल की वापसी के लिए प्रभावी पहल करने का आग्रह किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विदेश मंत्रालय से पत्राचार और वार्ता का आश्वासन दिया।
इंद्रमणि नौटियाल डुंडा ब्लॉक के गाजणा क्षेत्र स्थित गोरसाडा गांव के रहने वाले हैं।
विधायक सुरेश चौहान ने मुख्यमंत्री को इंद्रमणि नौटियाल से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराते हुए मामले की गंभीरता से जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए विदेश मंत्रालय, भारत सरकार, से पत्राचार एवं आवश्यक वार्ता करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बता दें कि गोरसाडा निवासी इंद्रमणि नौटियाल पिछले आठ वर्षों से सऊदी अरब में फंसे हुए हैं। उनकी घर वापसी को लेकर क्षेत्र में लगातार जनसमर्थन जुट रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोग इस अभियान से जुड़कर परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। कुछ समय पूर्व विधायक सुरेश चौहान स्वयं गोरसाडा पहुंचकर इंद्रमणि के परिजनों से मिले थे और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिया था।
मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान विधायक चौहान ने 17 अगस्त को विश्व प्रसिद्ध दयारा बुग्याल में आयोजित होने वाले बटर फेस्टिवल में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। इसके साथ ही गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, जनहित योजनाओं और समसामयिक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री से हुई वार्ता में उन्हें सकारात्मक आश्वासन और आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है, जिससे इन्द्रमणि नौटियाल की सकुशल घर वापसी की उम्मीद और मजबूत हुई है।
Source: IANS

