दीपावली के बाद पटियाला की हवा हुई जहरीली, AQI 499 तक पहुंचा; सांस

पटियाला, 9 नवंबर । दीपावली के बाद पंजाब के पटियाला शहर में वायु प्रदूषण की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। शहर की हवा जहरीली होती जा रही है और प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया है। सोमवार की सुबह 7:21 बजे दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुसार, पटियाला का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 499 रिकॉर्ड किया गया।

एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पटियाला में पीएम (पार्टिकुलेट मैटर) 2.5 का स्तर 323 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम 10 का स्तर 402 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। हवा में मौजूद इन प्रदूषक कणों की अधिक मात्रा लोगों के लिए गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती हैं।

दर्ज आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह पटियाला में तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हवा की रफ्तार 8.6 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। शहर में धुएं और धुंध जैसी स्थिति बनी हुई थी। वहीं, संबंधित वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार, पटियाला दुनिया के सबसे अधिक प्रदूषित शहरों की सूची में 21वें स्थान पर रहा।

दीपावली के दौरान बड़े पैमाने पर आतिशबाजी और पटाखों के इस्तेमाल को प्रदूषण बढ़ने का एक संभावित कारण माना जा रहा है। पटाखों से निकलने वाला धुआं और जहरीले कण वातावरण में घुलकर हवा की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, पीएम 2.5 के सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों में गहराई तक पहुंच सकते हैं और स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे प्रदूषण में लंबे समय तक रहने से सांस लेने में परेशानी, खांसी और अन्य श्वसन संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

इसके अलावा, पराली जलाने के मामलों में 77 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि 33 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है। वहीं, 185 चेतावनी नोटिस भी जारी किए गए हैं। ऐसे में एक तरफ जहां दीपावली के बाद पटियाला में एयर क्वालिटी इंडेक्स खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, वहीं दूसरी तरफ पराली जलाने की घटनाओं के सरकारी आंकड़े भी चिंता बढ़ा रहे हैं।

हालांकि, एयर क्वालिटी इंडेक्स में बढ़ोतरी के लिए केवल पराली जलाने या पटाखों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। इसके लिए अन्य प्रदूषण स्रोतों और मौसम संबंधी परिस्थितियों का आकलन भी जरूरी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter