झारखंड के चतरा में तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, युवक की मौत, दो की

चतरा, 10 सितंबर । झारखंड के चतरा शहर के किशुनपुर मोहल्ले में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में 28 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बोलेनो कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में उपेंद्र राणा और रामदेव राणा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया।

चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहनों के खड़े होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इधर, हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कार की रफ्तार कितनी थी और सड़क किनारे ट्रक किस स्थिति में खड़ा था। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter