हिमाचल प्रदेश: हल्की बारिश से सुहावना हुआ शिमला का मौसम, खुश नजर आए

शिमला, 13 सितंबर । हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हल्की बारिश से मौसम सुहावना है। इससे देश के अलग-अलग हिस्सों से शिमला घूमने पहुंचे पर्यटक खुश हैं। पर्यटकों का कहना है कि यहां का मौसम बेहद सुहावना है। कभी धूप तो कभी हल्की बूंदाबांदी के बीच पहाड़ों की खूबसूरती को निहारने का अपना ही आनंद है।

वीकेंड पर शिमला समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की अच्छी खासी आवाजाही बनी हुई है। दिल्ली, नोएडा और पंजाब सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं और हल्की बूंदाबांदी के बीच हिमाचल की हसीन वादियों का आनंद उठा रहे हैं।

जयपुर से एक ग्रुप को लेकर शिमला आए एक व्यक्ति ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि शिमला में बहुत ही प्यारा मौसम है। यहां पर्यटकों की जबरदस्त भीड़ है और सभी सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं। हम जो सोचकर शिमला आए थे, उससे भी बेहतर मौसम मिला है।

गाजियाबाद के निवासी नितिन ने कहा कि हम शिमला के मौसम का लुत्फ उठाने के लिए आए हैं। शिमला का मौसम बहुत अच्छा है और यहां हमें गाजियाबाद की गर्मी से राहत मिली है। नितिन के साथ घूमने आई महिला ने कहा कि हम लोग प्रदूषण भरे इलाके में रहते हैं। शिमला आकर बहुत सुकून मिल रहा और हल्की बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है।

पंजाब के मोहाली से शिमला घूमने पहुंचे युवक ने कहा कि यहां वीकेंड पर आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यहां बहुत अच्छा मौसम है। हल्की हल्की बारिश हो रही है और हम परिवार के साथ इसका लुत्फ उठा रहे हैं।

वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शिमला शहर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ हिस्से में हल्की बारिश का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने शिमला के साथ-साथ सिरमौर और किन्नौर जिलों में भी बारिश का अनुमान लगाया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter