मुजफ्फरपुर जिले का कुख्यात अपराधी राजा गिरफ्तार, कई गंभीर मामले दर्ज

मुजफ्फरपुर, 14 फरवरी। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की पुलिस ने अहियापुर थाना क्षेत्र से जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल शातिर बदमाश झामु कुमार उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है।

राजा पर पेट्रोल पंप से लाखों की लूट, हत्या के प्रयास, मादक पदार्थों की तस्करी और पॉक्सो एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। मुजफ्फरपुर (नगर) एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस वार्ता के दौरान शनिवार को बताया कि अहियापुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक शातिर अपराधी चोरी के मोबाइल के साथ मुरादपुर दुल्ला इलाके में घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। छापेमारी के क्रम में घेराबंदी कर राजा को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार झामु कुमार उर्फ राजा का आपराधिक इतिहास काफी पुराना और लंबा है। वह जिले के सबसे सक्रिय और खतरनाक अपराधियों में गिना जाता था।

यह मामला एक पेट्रोल पंप पर हुई 27 लाख रुपये की बड़ी लूट का है, जिसमें वह मुख्य आरोपी था। इसके अलावा, उस पर नाबालिगों के खिलाफ अपराध और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि वह कुछ मामलों पर जमानत पर था, तो कई मामलों में अभी भी उसकी तलाश थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ में राजा के गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में अहम सुराग मिले हैं। जरूरत पड़ने पर उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस राजा के सहयोगियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement