'मार दे इसे किसी काम का नहीं है', मुंबई में क्रिकेट को लेकर विवाद में 14 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला
मुंबई के गोवंडी इलाके में एक मामूली क्रिकेट विवाद के बाद दो दोस्तों ने मिलकर अपने ही 14 वर्षीय दोस्त पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

मुंबई, 14 अप्रैल। मुंबई के गोवंडी इलाके में एक मामूली क्रिकेट विवाद के बाद दो दोस्तों ने मिलकर अपने ही 14 वर्षीय दोस्त पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार बैंगनवाड़ी निवासी अरफान अल्ताफ नाटेकर (20) ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई अरसलान दोपहर करीब 3:30 बजे अपने दोस्तों साहिल और शयान के साथ राजीव गांधी मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। खेल के दौरान अरसलान किसी कारणवश मैच बीच में छोड़कर घर लौट आया। इसी बात को लेकर साहिल उससे नाराज हो गया।
इसके बाद शाम को जब अरफान अपने परिवार के साथ दुकान पर था, तभी साहिल वहां आया और अरसलान को दोबारा मैदान में चलने के लिए बुलाया। बुलाने पर अरसलान उसके साथ चला गया, लेकिन वहां पहले से ही शयान चाकू लेकर मौजूद था। मैदान में पहुंचते ही तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। अरसलान ने जब शयान को चाकू फेंकने के लिए कहा, तो वह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
आरोप है कि साहिल ने शयान को उकसाते हुए कहा कि मार दे इसे, किसी काम का नहीं है। इसके बाद शयान ने चाकू उठाकर अरसलान पर हमला कर दिया। उसने अरसलान के बाएं कंधे, पीठ और पेट के पास कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।। इसके बाद अरसलान किसी तरह घायल अवस्था में अपने घर के पास स्थित दुकान तक पहुंचा,उसके कपड़े खून से सने हुए थे। यह देख परिवार में हड़कंप मच गया।
इसके बाद परिजनों ने अरसलान को अस्पताल में भर्ती कराकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में मैच खेलने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल जांच के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। जल्द ही जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
Source: IANS
