चमोली टनल हादसा : घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे सीएम धामी, डॉक्टरों

चमोली, 14 अगस्त । उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में बन रही टीएचडीसी टनल में हुए हादसे में घायल मजदूरों से मिलने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने यहां भर्ती घायल मजदूरों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें बेहतर इलाज के निर्देश डॉक्टरों को दिए।

मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इनमें से कुछ गंभीर रूप से घायल हैं। अस्पताल में भर्ती लोगों का सही इलाज हो रहा है और सभी जरूरी मेडिकल सुविधाएं दी जा रही हैं।"

सीएम ने बताया, "मैंने छत्तीसगढ़ और झारखंड के मुख्यमंत्रियों से भी बात करके उन्हें हालात की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि प्रभावित मजदूरों और उनके परिवारों को हर जरूरी मेडिकल देखभाल और दूसरी सुविधाएं दी जा रही हैं।"

देहरादून में राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने हादसे का ब्योरा दिया। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "टनल में अचानक पानी और मलबा आने से 22 मजदूर और कर्मचारी अंदर फंस गए। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, हेमकुंड साहिब के श्रद्धालुओं और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।"

मंत्री ने बताया, "फंसे हुए लोगों में से 12 घायल मजदूरों को शुरू में ही बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया। एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को श्रीनगर रेफर किया गया, जबकि बाकियों का इलाज गोपेश्वर और पीपलकोटी में चल रहा है। एक व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी भी मिल चुकी है।"

मदन कौशिक ने कहा कि अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं। मरने वालों में तीन उत्तर प्रदेश से, दो उत्तराखंड से और दो छत्तीसगढ़ से थे। 3 लापता हैं, जिनके लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चालू है। उनमें एक झारखंड और 2 छत्तीसगढ़ के हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter