एलपीजी सिलेंडर जमाखोरी देश के खिलाफ है, सख्त कार्रवाई की जाएगी : रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 15 मार्च। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन लोगों को सीधे तौर पर चेतावनी दी है, जो एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी करने में लगे हैं। सीएम ने कहा कि सरकार की नजर ऐसे लोगों पर है, सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

एलपीजी संकट पर सीएम रेखा गुप्ता ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जब भी देश किसी संकट का सामना करता है, तो हम सभी को एकजुट होकर दृढ़ता से खड़ा होना चाहिए। मैं उन लोगों को भी चेतावनी देना चाहती हूं, जो लोगों के बीच डर फैला रहे हैं। स्थिति बहुत जल्द सामान्य हो जाएगी। केंद्र सरकार पूरी तरह से काम कर रही है। जो लोग भ्रष्टाचार करते हुए लाभ कमाना चाहते हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

सीएम रेखा गुप्ता 'अपना घर आश्रम' के 12वें वार्षिकोत्सव तथा संस्था के रजत जयंती समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि 'अपना घर' एक ऐसा उदाहरण है, जहां सरकार और समाज मिलकर काम करते हैं। जो लोग बेसहारा हैं, जिनके पास रहने की जगह नहीं है, जो बहनें कष्ट झेल रही हैं, जो समाज से अलग हो गई हैं, पीछे छूट गई हैं, जो दर्द और तकलीफ में हैं, उन्हें 'अपना घर' से जोड़ना, उनकी सेवा करना, उन्हें सुविधाएं देना, उनकी देखभाल करना और उनके रोजमर्रा के जीवन का प्रबंधन करना, यह अपने आप में एक महान सेवा कार्य है।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज बूढ़पुर स्थित 'अपना घर आश्रम' के 12वें वार्षिकोत्सव तथा संस्था के रजत जयंती समारोह में सम्मिलित हुई। पिछले 26 वर्षों से यह संस्थान बेसहारा, निराश्रित और अस्वस्थ लोगों की निस्वार्थ भाव से सेवा कर रहा है। वर्तमान में इसके 70 से अधिक केंद्र भारत में संचालित हैं और विदेशों में भी इसकी सेवाएं निरंतर विस्तारित हो रही हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' के दर्शन को ध्येय मानते हुए हमारी सरकार भी दिल्ली के प्रत्येक जरूरतमंद तक सम्मान, सुरक्षा और सहायता पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है। जनसेवा के इस पुनीत कार्य के लिए 'अपना घर आश्रम' संस्था को हार्दिक साधुवाद एवं शुभकामनाएं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement