सेनेगल में यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 की आधिकारिक शुरुआत, भारत का 17

डकार, 1 नवंबर । सेनेगल की राजधानी डकार में यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 की शुरुआत एक शानदार ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुई है। सेनेगल के राष्ट्रपति बसिरू डियोमाये फेय ने आधिकारिक तौर पर खेलों के शुरुआत की घोषणा की।

अफ्रीका में पहली बार कोई ओलंपिक इवेंट हो रहा है और इसकी मेजबानी सेनेगल को मिली है। ओपनिंग सेरेमनी के दौरान अलग-अलग देशों से आए सैकड़ों युवा एथलीटों ने स्टेड अब्दुलाय वेड में परेड के दौरान अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया।

ओपनिंग सेरेमनी में अफ्रीका के अतीत, वर्तमान और भविष्य को जोड़ने वाली यात्रा के माध्यम से सेनेगल की तेरंगा, या मेहमाननवाजी की परंपरा का जश्न मनाया गया। तीन सिंबॉलिक कैरेक्टर – अल्केबुलन, केब और सिटो – पर आधारित इस परफॉर्मेंस में पीढ़ियों के बीच सांस्कृतिक विरासत के हस्तांतरण (ट्रांसफर) और कॉन्टिनेंट के भविष्य को बनाने में युवाओं की भूमिका को दिखाया गया।

इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (आईओसी) की अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री ने सेनेगल में ऐतिहासिक और सांकेतिक शाम की तारीफ की।

उन्होंने कहा, "यह वह अफ्रीका है जिस पर मुझे बहुत गर्व है और दुनिया को इसका अनुभव कराने के लिए बहुत उत्साहित हूं। आज रात यहां खड़े होकर मुझे बहुत गर्व हो रहा है। एक गर्वित जिम्बाब्वे की, एक अफ्रीकी महिला होने पर गर्व है, और इस बात पर बहुत गर्व है कि हमारा कॉन्टिनेंट पहली बार ओलंपिक मूवमेंट का स्वागत कर रहा है।"

कोवेंट्री ने कहा, "खेल ने मेरी जिंदगी में कई दरवाजे खोले। मुझे खुद पर विश्वास करने और बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास दिया। खेलों के दौरान मैं आप में से हर एक के लिए यही चाहती हूं।"

एथलीटों की बात करते हुए, उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि ये गेम्स आपको खुद पर विश्वास करने का और बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास देंगे। आप अपना सबकुछ लगा दें।"

खेलों का आयोजन 31 अक्टूबर से 13 नवंबर तक सेनेगल के शहरों डकार, सैली और डायमनियाडियो में होगा। 25 खेलों में हिस्सा लेने के लिए 205 डेलीगेशन के कुल 2,655 युवा एथलीट सेनेगल पहुंचे हैं। भारत ने 11 खेलों में 11 महिलाओं और छह पुरुषों वाली 17 मेंबर की टीम भेजी है।

भारत ने यूथ ओलंपिक्स के पिछले तीन एडिशन में 23 मेडल जीते हैं। इसमें 3 गोल्ड, 16 सिल्वर और चार ब्रॉन्ज हैं। भारतीय एथलीटों ने मिक्स्ड-एनओसी इवेंट्स में चार और मेडल जीते हैं, जहां अलग-अलग नेशनल ओलंपिक कमेटियों के एथलीटों ने एक साथ मुकाबला किया था। ये मेडल भारत की आधिकारिक मेडल टैली में नहीं गिने जाते।

भारत ने ब्यूनस आयर्स 2018 में अपना सबसे सफल यूथ ओलंपिक कैंपेन खेला था। इस संस्करण में भारत ने तीन गोल्ड, नौ सिल्वर और एक ब्रॉन्ज सहित 13 मेडल जीते थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter