अभी और सताएगी गर्मी
देहरादून में 40 डिग्री को छू सकता है तापमान

देहरादून। एक और जहां मौसम विभाग इस मानसून सीजन के समय से पहले ही शुरू होने की भविष्यवाणी कर रहा है, वहीं तपती जेठ की दोपहरी ने लोगों का पसीना निकालना शुरू कर दिया है। शुष्क मौसम और सूरज की तपिश के बीच आम आदमी को बिजली कटौती का भी सामना करना पड रहा है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 38 डिग्री को पार कर गया। अगर मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिन और कठिन होने वाले हैं। शुष्क मौसम के चलते पारा 40 डिग्री तक जा सकता है। इसके साथ ही तेज हवाएं और झक्कड भी लोगों की परेशानी का सबब बनेंगे। अगले एक हफ्ते मौसम ऐसा ही बने रहने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है।
इसके साथ ही जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती गर्मी के मौसम में कोढ में खाज का काम कर रही है। बिजली कटौती से लोगों को गर्मी के साथ ही रोजमर्रा के काम करने में भी परेशानी का सामना करना पड रहा है।

