बिहार: मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन लीक होने से 7 स्कूली छात्राएं बेहोश

मुजफ्फरपुर, 17 जुलाई । बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गैस पाइपलाइन लीक होने की वजह से सात स्कूली छात्राएं बेहोश हो गईं। घटना मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर मुसहरी प्रखंड के रहुआ गांव के पास हुई। सभी छात्राएं प्लस-2 रहुआ हाई स्कूल की छात्राएं हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, रहुआ गांव के पास बुडको (बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) की ओर से नाला निर्माण का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई करने के समय जमीन के नीचे से गुजर रही पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और गैस का रिसाव होने लगा। इसी दौरान वहां से गुजर रही सात स्कूली छात्राएं गैस की चपेट में आ गईं और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में छात्राएं बेहोश होकर गिर गईं।

स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी छात्राओं को उठाकर मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों और नर्सों ने उनका इलाज शुरू किया। अस्पताल में इलाज के दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। डॉक्टरों के अनुसार, दो छात्राओं की हालत में सुधार हुआ है और उनका इलाज पीएचसी में ही जारी है।

वहीं, पांच छात्राओं नाहिदा खातून, अमृता कुमारी, राखी कुमारी, दिव्या कुमारी और विशाखा कुमारी की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। सभी पांचों छात्राओं को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही छात्राओं के परिजन अस्पताल पहुंचे और अपनी बच्चियों की देखभाल में जुट गए। स्थानीय समाजसेवी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि बुडको की ओर से मुजफ्फरपुर से मुसहरी होते हुए आगे तक बड़े नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसी रास्ते से पीएनजी गैस पाइपलाइन भी गुजर रही है। उन्होंने बताया कि जेसीबी से खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण गैस लीक हुई और यह हादसा हुआ।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुसहरी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, इंडियन ऑयल के तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और गैस पाइपलाइन से हो रहे रिसाव को बंद करने का काम शुरू किया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement