बिहार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे नीतीश कुमार, दोनों के बीच हुई बात

पटना, 18 अप्रैल । बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने 5 देशरत्न मार्ग स्थित उनके आवास पहुंचे। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह दूसरी मुलाकात है।

शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीधे अपने वाहन से मुख्यमंत्री के आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उनके साथ बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मुलाकात की तस्वीर भी अपने सोशल मीडिया नेटवर्किंग साइट एक्स पर पोस्ट की है।

उन्होंने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "जननेता, बिहार के लोकप्रिय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आज मेरे सरकारी आवास पर आगमन हुआ। उनका अभिवादन स्वीकार कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।"

तस्वीर देखने से यह साफ है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्यमंत्री से हालचाल जानने उनके आवास पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जनता जनार्दन अभिवादन स्वीकार्य कार्यक्रम में पहुंचे। वहां उन्होंने मिलने पहुंचे लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह दूसरी मुलाकात थी। इससे पहले सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। इसके बाद सम्राट चौधरी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता सीपी ठाकुर से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया था। यह पहला मौका है जब उनके सीएम बनने के बाद नीतीश कुमार खुद चौधरी से मिलने पहुंचे।

इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोनपुर स्थित सुप्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पावन धाम में सपरिवार पूर्ण विधि विधान से दर्शन-पूजन किया था। सोनपुर में गंगा एवं गंडक नदी के संगम पर स्थित प्राचीन बाबा हरिहरनाथ मंदिर विश्व का एकमात्र ऐसा शिवालय है, जहां शिव (हर) और विष्णु (हरि) का वास है। उन्होंने बाबा हरिहरनाथ से प्रदेशवासियों पर विशेष कृपा दृष्टि बनाए रखने के लिए मंगलकामना की थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

ट्रेडिंग न्यूज

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement