जम्मू-कश्मीरः खराब मौसम के कारण किश्तवाड़ जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित

किश्तवाड़, 18 अप्रैल । जम्मू कश्मीर में इस दिनों मौसम खराब है। बारिश और बर्फबारी होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में किश्तवाड़ जिले में स्कूलों को छुट्टी घोषित कर दी गई है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि किश्तवाड़ जिले में मौसम खराब है। लगातार भारी बारिश, सड़कों का फिसलन भरा होना और पत्थर गिरने की आशंका है, जो छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा पैदा करती है। जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए यह आदेश दिया जाता है कि किश्तवाड़ जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल शनिवार को बंद रहेंगे। हालांकि, किश्तवाड़ शहर (मालीपठ से चेरहार क्षेत्र) के अंतर्गत आने वाले स्कूल केवल कक्षा 6 और उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए खुले रहेंगे।

जिले में शुक्रवार दिनभर मौसम का मिजाज बदला रहा। खराब मौसम और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने किश्तवाड़-अनंतनाग मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया था। यह मार्ग हाल ही में दो दिन के लिए सिंथन तक खोला गया था, लेकिन बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए फिर से बंद कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि दुर्घटना से बचा जा सके। पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी होने से क्षेत्र में ठंड बढ़ी है। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। बाजारों में सामान्य दिनों के मुकाबले कम रौनक है।

जम्मू-कश्मीर मौसम विभाग ने 19 अप्रैल तक मौसम के खराब बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। मैदानी इलाकों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। ऊंचे इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, भूस्खलन और हिमस्खलन की आशंका है। साथ ही 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement