बेगूसराय गैंगरेप मामला: थाना प्रभारी सस्पेंड, एसआईटी गठित; मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

बेगूसराय, 19 जून । बिहार के बेगूसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र में 11 जून की रात एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और उसके प्राइवेट पार्ट से गोली तथा पत्थर जैसी वस्तुएं मिलने के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गुरुवार को वरीय पुलिस अधिकारी अस्पताल से लेकर घटनास्थल तक पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस बीच बड़ी कार्रवाई करते हुए चकिया थाना प्रभारी राजीव रंजन को निलंबित कर दिया गया है।

बेगूसराय प्रक्षेत्र के डीआईजी शैलेश कुमार सिन्हा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मामले की जांच और अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने सिविल सर्जन और मेडिकल जांच टीम में शामिल डॉक्टरों से भी पूरे मामले पर चर्चा की।

डीआईजी शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि चकिया थाना क्षेत्र के बिंद टोली में महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है, जिसके संबंध में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की दोबारा मेडिकल बोर्ड से जांच कराई गई है और वह स्वयं तथा पुलिस अधीक्षक घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है और पुलिस जल्द ही इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में चकिया थानाध्यक्ष की लापरवाही सामने आने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

डीआईजी ने यह भी स्पष्ट किया कि मेडिकल रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई मेडिकल रिपोर्ट तथा जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement