अमृतसर : आईटी कंपनी चलाने वाले युवक पर पहले अपहरण फिर रेप का आरोप, गहन जांच जारी

चंडीगढ़, 20 मई । पंजाब के अमृतसर के थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक युवक को लड़की को भगाकर ले जाने और फिर दुष्कर्म करने के मामले में गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पहले छह दिन की रिमांड पर लिया गया था और अब उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए थाना सिविल लाइन के पुलिस अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी चाहल के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पहले आरोपी के खिलाफ लड़की के पिता ने शादी का झांसा देकर उनकी बेटी को भगाकर ले जाने का मामला दर्ज कराया था, लेकिन जांच के दौरान इसमें दुष्कर्म की धारा भी जोड़ दी गई।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया गया था ताकि मामले की हर पहलू से जांच की जा सके। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी लड़की को कहां लेकर गया था और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच लगातार जारी है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर कई अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष है और उसका परिवार खेतीबाड़ी से जुड़ा हुआ है। इसके साथ ही वह मोहाली में एक आईटी कंपनी भी चलाता था।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल उसके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान यदि कोई अन्य तथ्य या शिकायत सामने आती है तो उसके अनुसार भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि आरोपी को गुरदासपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement