ओडिशा समेत इन राज्यों में भीषण गर्मी का कहर, 45 डिग्री के करीब पहुंचा पारा

भुवनेश्वर, 20 मई । देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। ओडिशा, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान लगातार 40 डिग्री पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में हीटवेव को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।

भुवनेश्वर में मौसम विभाग की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य के करीब 21 मौसम केंद्रों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। झारसुगुड़ा जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा हीराकुंड में 44 डिग्री, संबलपुर में 43.6 डिग्री और भुवनेश्वर में 40.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक राज्य में हीटवेव, गर्म रातें और उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। झारसुगुड़ा, संबलपुर, सुंदरगढ़, नयागढ़, बोलांगीर और कई अन्य जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं तटीय ओडिशा में गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलें और तेज धूप में ज्यादा देर तक रहने से बचें।

उधर पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। चंडीगढ़ में मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया कि अगले 48 घंटों तक हीटवेव जैसी स्थिति बनी रहेगी। हरियाणा के रोहतक में 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पंजाब के फरीदकोट में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों और पंजाब के उत्तर-पूर्वी इलाकों में हालात ज्यादा गंभीर हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, इसके बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि हल्की आंधी और गरज के साथ बारिश की संभावना बन रही है। फिर भी फिलहाल लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सुरिंदर पाल ने कहा कि इस समय लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए ज्यादा से ज्यादा पानी पीना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें क्योंकि उस वक्त गर्मी और तपिश सबसे ज्यादा होती है।

उत्तर प्रदेश में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में भीषण गर्मी को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। लखनऊ में मुख्य मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनीष रानालकर ने बताया कि कई जिलों में तापमान बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है और लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।

हमीरपुर समेत कई जिलों में लू का असर साफ देखा जा रहा है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है। डॉक्टर मोहित सिंह का कहना है कि तेज गर्मी और लू से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीना और धूप से बचाव करना बेहद जरूरी है। वहीं स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे परेशानी और बढ़ रही है।

फिरोजाबाद में भी प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिला अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को कूलिंग सेंटर बनाने और हीटवेव से निपटने के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को भी तैयार रहने के लिए कहा गया है ताकि गर्मी से बीमार होने वाले लोगों को तुरंत इलाज मिल सके।

देशभर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को खास सतर्क रहने की जरूरत है। ज्यादा देर तक धूप में रहने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है, जो जानलेवा भी साबित हो सकता है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter