सुबह घर से निकलते ही दिखने वाली धुंध कोहरा है या स्मॉग? आईएमडी ने

नई दिल्ली, 26 नवंबर । सर्दियों की सुबह घर से बाहर निकलते ही अक्सर चारों तरफ सफेद धुंध की चादर दिखाई देती है। दूर की चीजें साफ नजर नहीं आतीं और सड़कों पर भी दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में ज्यादातर लोग इसे कोहरा समझ लेते हैं। लेकिन हर बार आसमान में छाई यह धुंध कोहरा नहीं होता। कई बार यह स्मॉग भी हो सकता है, जो वायु प्रदूषण का नतीजा है।

दिखने में कोहरा और स्मॉग भले ही एक जैसे लगें, लेकिन इनके बनने की वजह बिल्कुल अलग होती है। इसी अंतर को लेकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की है।

आईएमडी के मुताबिक, कोहरा और स्मॉग एक-दूसरे से अलग हैं। कोहरा मुख्य रूप से हवा में मौजूद पानी की बेहद छोटी-छोटी बूंदों से बनता है। इसी वजह से आसपास धुंध दिखाई देने लगती है और दृश्यता कम हो जाती है। आमतौर पर सर्दियों में तापमान गिरने और नमी बढ़ने के कारण कोहरा ज्यादा देखने को मिलता है।

स्मॉग सिर्फ पानी की बूंदों से नहीं बनता, बल्कि यह वायु प्रदूषण से जुड़ी एक समस्या है। इसमें धुआं, धूल, धुंध और हवा में मौजूद दूसरे प्रदूषक कण शामिल होते हैं। वाहनों से निकलने वाला धुआं, फैक्ट्रियों का उत्सर्जन, निर्माण कार्यों की धूल और अन्य प्रदूषण के स्रोत स्मॉग बढ़ाने में भूमिका निभाते हैं। सर्दियों में स्मॉग की समस्या ज्यादा गंभीर हो सकती है।

दोनों के बीच अंतर समझना इसलिए जरूरी है, क्योंकि स्मॉग में मौजूद प्रदूषक कण स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए।

इसलिए सुबह के समय धुंध दिखाई देने पर सिर्फ उसे कोहरा मानकर नजरअंदाज न करें। बाहर निकलने से पहले वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) और मौसम की जानकारी जरूर देखें। प्रदूषण अधिक होने पर खुले में ज्यादा देर रहने से बचें और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter