अमृतसर में ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, करोड़ों रुपए के नशीले पदार्थ के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर, 21 अप्रैल । पंजाब में नशे के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई के बीच अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा पार से जुड़े एक ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके पास से करीब 7.050 किलो हेरोइन भी बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी पाकिस्तान में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे। उसी के निर्देश पर ये लोग पंजाब में ड्रग्स की सप्लाई और वितरण का काम कर रहे थे। इस मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। ये एफआईआर अमृतसर के छेहरटा और कैंट थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज की गई है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स कहां से आ रही थी और आगे किन-किन लोगों तक पहुंचाई जा रही थी।

अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। उनका कहना है कि पंजाब पुलिस राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि युवाओं को इस बुरी लत से बचाया जा सके और समाज को सुरक्षित बनाया जा सके।

इससे पहले, एक बड़ी सफलता में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ​​पंजाब ने जिला एसएएस नगर पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में विदेश से संचालित हो रहे एक गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से विदेश में बनी .30 कैलिबर की 2 पिस्तौलें और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।

शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक अबोहर में 'वेयर वेल' शोरूम के मालिक की जुलाई 2025 में हुई हत्या के मामले में शामिल था, जहां उसने मुख्य हमलावरों को लॉजिस्टिक सहायता मुहैया कराई थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement