केरल पटाखा फैक्ट्री हादसे पर राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने जताया दुख, मृतकों की संख्या 12 पहुंची

त्रिशूर, 21 अप्रैल । केरल के त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि त्रिशूर में पटाखा यूनिट में विस्फोट से हुई जनहानि की खबर से वह दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भी हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

घटना के बाद प्रधानमंत्री ने त्रिशूर से सांसद और केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। निर्देश मिलने के बाद सुरेश गोपी दिल्ली से कोच्चि के लिए रवाना हो गए हैं और देर रात तक त्रिशूर पहुंचने की संभावना है।

बताया जा रहा है कि यह विस्फोट मंगलवार को त्रिशूर पूरम की तैयारियों के दौरान हुआ। यह भारत के सबसे प्रसिद्ध मंदिर उत्सवों में से एक है, जिसमें भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया जाता है।

विस्फोट के बाद इलाके में भीषण आग लग गई और चारों ओर धुआं फैल गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement