झारखंड: चतरा में 324 किलोग्राम अफीम डोडा जब्त, रामगढ़ में ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

चतरा/रामगढ़, 21 मई । झारखंड पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा और रामगढ़ जिलों में बड़ी कार्रवाई की। चतरा में पुलिस ने करीब 324 किलो अवैध अफीम डोडा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपए आंकी गई है।

वहीं, रामगढ़ जिले के पतरातू में ब्राउन शुगर और हेरोइन के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चतरा जिले में यह कार्रवाई चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान के दौरान की गई। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के देल्हो से दो चारपहिया वाहनों के जरिए अवैध अफीम डोडा की तस्करी की जा रही है।

सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक अर्टिगा और एक होंडा अमेज कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भाग निकले।

तलाशी लेने पर अर्टिगा से 169 किलो और होंडा अमेज से 155 किलो अफीम डोडा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर सिमरिया थाना में मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी है।

उधर, रामगढ़ जिले के पतरातू में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर जांच की। तलाशी में एक युवक के पास से 9.57 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

पूछताछ में दोनों ने बासल थाना क्षेत्र के अर्जुन कुमार महतो का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 10 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement