मुंबई में साइबर ठगी के 7 मामले दर्ज, APK फाइल और लिंक से 8.40 लाख की

मुंबई, 22 मार्च। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में साइबर अपराध के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यहां तक कि आपदा को अवसर बनाने से भी नहीं चूक रहे हैं। साइबर ठग गैस कनेक्शन के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं। 

मुंबई पुलिस ने पिछले एक दिन में शहर भर में साइबर धोखाधड़ी के सात मामले दर्ज किए हैं, जिनमें जालसाजों ने लोगों को एंड्रॉइड पैकेज किट (एपीके) फाइलों या लिंक पर क्लिक करने के लिए बहकाकर उनसे 8.40 लाख रुपए की ठगी की है। तीन मामले बोरीवली पुलिस स्टेशन में दर्ज हुए हैं। वहीं, खार पुलिस स्टेशन में और पंतनगर पुलिस स्टेशन में एक साइबर ठगी के केस दर्ज किए गए गए हैं। इनमें से दो मामले फर्जी एमजील गैस एपीके फइलों से संबंधित हैं।

इससे पहले 18 मार्च को मुंबई से सटे डोंबिवली में गैस कनेक्शन काटने की धमकी देकर साइबर ठगों ने एक महिला से करीब 3 लाख रुपए की ठगी कर ली थी। सुनील नगर इलाके में रहने वाली स्मिता राणे के पति के मोबाइल पर एक संदिग्ध एसएमएस आया। इस संदेश में लिखा था कि महानगर गैस का फरवरी महीने का बिल कंपनी के सिस्टम में अपडेट नहीं हुआ है। साथ ही, चेतावनी दी गई थी कि यदि तुरंत जानकारी अपडेट नहीं की गई तो उनका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा।

इसके बाद जब दिए गए नंबर पर फोन किया गया तो सामने वाले व्यक्ति ने खुद को महानगर गैस कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने कहा कि तकनीकी कारणों की वजह से उनका बिल सिस्टम में दिखाई नहीं दे रहा है और इसे ठीक करने के लिए एक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

ठग ने स्मिता राणे को एक लिंक भेजा और कहा कि बिल अपडेट करने के लिए उस पर क्लिक करके जरूरी जानकारी भरनी होगी। लिंक खोलने के बाद उनसे डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरने के लिए कहा गया। जैसे ही स्मिता राणे ने मांगी गई जानकारी भरकर दी और कुछ ही देर में उनके खाते से पैसे निकलने लगे। ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड से 2 लाख रुपए और डेबिट कार्ड से 99,500 रुपए निकाल लिए थे।

वहीं, 4 और 5 मार्च को महानगर गैस के नाम पर एपीके फाइल और लिंक भेजकर साइबर ठगी के दो मामले सामने आए थे। दोनों ही मामले रामनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज किए गए हैं।

मुंबई पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल करने से पहले पूरी तरह सावधान रहें। साथ ही, अपने बैंक डिटेल्स और व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध संदेश या फाइल की तुरंत रिपोर्ट करें।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter