छत्तीसगढ़: स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन मासूम घोंघा नदी में

बिलासपुर, 23 अगस्त । बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील से बेहद दुखद खबर सामने आई है। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने नदी में बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया।

घंटों की मशक्कत के बाद तीनों बच्चों का शव बरामद कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार समडील गांव के रहने वाले 7 वर्षीय मासूम अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल सरकारी स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक आए तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों बच्चे नदी में बह गए।

हालांकि, स्कूल जाने के लिये अलग से रास्ता है, लेकिन बच्चे पानी कम होने पर खेलते-खेलते सुबह नदी पार कर गए थे, लेकिन जब उसी रास्ते से वापस आने लगे तो पानी का लेवल बढ़ चुका था, जिससे यह घटना घट गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में गांव वाले मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस प्रशासन की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मिलकर कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया।

इसी दौरान एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो मासूम अभी भी लापता हैं। थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से नदी पार कर घर जा रहे थे। नदी में पानी कम था, लेकिन बच्चे तेज बहाव की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम जल्द गांव पहुंचकर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाएगी और लापता दोनों बच्चों की तलाश की जाएगी।

हादसे के बाद समडील गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी नदी किनारे डटे हुए हैं और लापता दोनों बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल सभी की निगाहें एसडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं। 7 वर्षीय अनमोल और स्तुति के पिता भुनेश्वर जायसवाल हैं, जबकि 8 वर्षीय शिक्षा के पिता विजय जायसवाल हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter