झारखंड में मालवाहक वाहन की चपेट में आने से मां-बेटे समेत तीन की मौत

लोहरदगा, 24 अप्रैल । झारखंड के लोहरदगा जिले में नेशनल हाईवे-39 (कुड़ू-रांची मुख्य पथ) पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में मां-पुत्र समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना कुड़ू थाना क्षेत्र के ढुलुवाखुंटा के समीप की है, जहां शराब लदे एक मालवाहक वाहन और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे के बाद हाईवे पर घंटों आवागमन बाधित रहा और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। कुड़ू थाना क्षेत्र के रोन्हैया कोलसिमरी गांव निवासी विषुण भगताइन अपने पुत्र किशोर भगत और भतीजा निरंजन उरांव के साथ स्कूटी पर सवार होकर मांडर अस्पताल जा रही थीं, जहां उनके पति इलाजरत हैं। इसी दौरान रांची से पलामू जा रहे शराब लदे मालवाहक वाहन ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोर भगत और निरंजन उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विषुण भगताइन ने लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मालवाहक वाहन बीच सड़क पर ही पलट गया, जिससे उसमें लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ लोग शराब लूटने का प्रयास करने लगे। मौके पर पहुंचे कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने स्थिति को संभाला और शराब लूटने की कोशिश कर रहे लोगों को खदेड़ कर भगाया।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। हालांकि, सीओ संतोष उरांव और थाना प्रभारी अजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम हटवाया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में अंतिम संस्कार के लिए कुछ नकद राशि और दो क्विंटल चावल उपलब्ध कराया है।

इस दुर्घटना में मालवाहक वाहन में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं, जिनकी पहचान रांची के कांके निवासी विनत मुंडा, विकास मिंज और टिंकू राम के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल विनत मुंडा और विकास मिंज को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement