भोपाल में कार-ट्रैक्टर की टक्कर में तीन की मौत, चौथा घायल

भोपाल, 25 मार्च। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के करीब कार और ट्रैक्टर के बीच हुई जबरदस्त टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वालों में दो चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार, ईटखेड़ी थाना क्षेत्र में बैरसिया रोड पर निपानिया जाट क्षेत्र में कार की सामने से आ रहे ट्रैक्टर से सीधी टक्कर हो गई। ट्रैक्टर की ट्रॉली में अनाज भरा हुआ था। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

बताया गया है कि कार सवार भोपाल से बैरसिया की तरफ जा रहे थे, इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के भीतर से लोगों को निकलना आसान नहीं था, कार बुरी तरह दब गई थी और उसके दरवाजे भी नहीं खुल रहे थे। बाद में दरवाजे को काटकर कार में सवार चार लोगों को बाहर निकाला गया। जिनमें से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतकों की पहचान हर्ष मेहरा, सतीश मेहरा और लकी कुशवाहा के तौर पर हुई है। यह तीनों युवक भोपाल के निवासी थे। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रही है।

बताया गया है कि कार बहुत तेज रफ्तार में थी और सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने कार के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हुए। परिणामस्वरुप कटर की मदद से कार को काटा गया और कार के भीतर सवार लोगों को बाहर निकाला गया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement