सीतापुर : आंधी-तूफान ने मचाया कोहराम, दो की मौत, हजारों का नुकसान

सीतापुर, 26 मई । उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सोमवार की देर रात चली आंधी ने जानमाल को काफी नुकसान पहुंचाया। अब आलम यह है कि मृतकों के परिवार में मातम का माहौल है। कल तक हंसते-खेलने वाले चेहरों की रौनक गायब हो चुकी है। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा है कि क्या किया जाए।

जानकारी के मुताबिक, सबसे दर्दनाक मंजर अगर कहीं पर देखने को मिला, तो वो था जनपद का पिसावां थाना क्षेत्र। जहां पर एक ही परिवार के पांच लोगों के ऊपर निर्माणाधीन इमारत गिर गई। इनमें से चार लोग बुरी तरह घायल हो गए और एक महिला की मौत हो गई।

वहीं, सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मजरा लच्छीपुर में आंधी-तूफान के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की पूरी जिंदगी तबाह कर दी। यहां पर एक दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से मलबे के नीचे एक शख्स की मौत हो गई, जिसकी पहचान भार्गव (65) के रूप में हुई है। उधर, एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला की पहचान सुमन के रूप में हुई है। उसके परिजन उसे फौरन अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उसे बचाने की पूरी कोशिश कर रही है। इसके अलावा, आंधी तूफान की जद में आकर अपनी जान गंवाने वाले एक शख्स के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उधर, घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। इस आंधी तूफान के कहर ने मानो लोगों की हंसती खेलती जिंदगी तबाह कर दी है।

इसके अलावा, घायल हुए भल्लू के बेटे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में अपना दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि मेरे पिताजी के ऊपर एक दीवार भरभराकर गिर गई। इसके बाद हम लोगों ने फौरन उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। राहत की बात यह है कि उनकी हालत अभी स्थिर है। लेकिन, हमारी प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द मुआवजा और अन्य जरूरी मदद मुहैया कराए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement