रूडकी में भरभराकर गिरी ईंट भट्ठे की दीवार, दबकर छह की मौत
रूडकी में भरभराकर गिरी ईंट भट्ठे की दीवार, दबकर छह की मौत
देहरादून : मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक ईंट भट्टे की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। ईंट भट्टे की दीवार के नीचे दबने से छह मजदूरों की मौत हो गई है। पुलिस प्रशासन की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लहबोली गांव में एक ईंट भट्टा है। सुबह अचानक भट्टे की एक दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद चारों ओर चीख पुकार मच गई। लोग घटना स्थल की ओर दौड़े तो पता लगा कि कई लोग दीवार के नीचे दब गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। वहीं हादसे की जानकारी पाकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दिवेश शाशनी, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एएसडीएम विजय नाथ शुक्ला, एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, सीओ मंगलौर बीएस चौहान आदि पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अलग-अलग टीमें बनाकर बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया गया है कि मौके से पांच लोगों के शव निकाले गए जबकि तीन घायल हैं। जिन्हे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर तीन घायलों में एक को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल जेसीबी के माध्यम से ईंटों के ढेर को हटाया जा रहा है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दिवेश शाशनी ने बताया कि छह लोगों की मौत हुई है। दो घायलों का उपचार किया जा रहा है।

