एनएसईएल घोटाले में ईडी ने की 19.12 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति संपत्ति कुर्क

नई दिल्ली, 30 मार्च। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नेशनल स्पॉट एक्सचेंज लिमिटेड (एनएसईएल) घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 19.12 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। यह कार्रवाई मुंबई के एम.आर.ए. मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई। 

मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) इस मामले की जांच कर रही है। जांच में एनएसईएल, उसके निदेशकों, प्रमुख अधिकारियों और 25 डिफॉल्टरों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

ईडी की जांच से सामने आया है कि एनएसईएल और उसकेसदस्यों ने बिना किसी असली स्टॉक के कमोडिटी ट्रेडिंग की अनुमति देकर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की। उन्होंने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी के जरिए लगभग 13,000 निवेशकों को ठगा और उनसे करीब 5600 करोड़ रुपए हड़प लिए।

जांच में पता चला कि एनएसईएल के तीन दोषी सदस्यों यानी एलओआईएल ओवरसीज फूड्स लिमिटेड, एलओआईएल कॉन्टिनेंटल फूड्स लिमिटेड और एलओआईएल हेल्थ फूड्स लिमिटेड (जिन्हें मिलाकर एलओआईएल समूह कहा जाता है) ने प्लेटफॉर्म पर धान की काल्पनिक और फर्जी बिक्री के लेन-देन करके धोखाधड़ी से पैसा हासिल किया। इन कंपनियों पर एनएसईएल को कुल 720.30 करोड़ रुपए का भुगतान बकाया था। बैंक खातों की पड़ताल से पता चला कि एलओआईएल समूह की कंपनियों ने एनएसईएल के निपटान खातों से लगभग 569.04 करोड़ रुपए गबन कर लिए थे।

गबन किए गए इस पैसे का बड़ा हिस्सा लक्ष्मी एनर्जी एंड फूड्स लिमिटेड समेत समूह की अन्य कंपनियों के जरिए बांटा गया। इस धन का इस्तेमाल बैंक ऋण चुकाने, दैनिक कारोबार चलाने, कार्यशील पूंजी की जरूरतें पूरी करने और अचल संपत्तियां खरीदने में किया गया।

इस पूरे मामले में अब तक कुल 34 अस्थायी कुर्की आदेश जारी किए जा चुके हैं, जिनके तहत लगभग 3452.16 करोड़ रुपए की विभिन्न संपत्तियों को कुर्क किया गया है। ईडी ने विशेष न्यायालय (पीएमएलए) के सामने 148 आरोपियों के खिलाफ सात अभियोजन शिकायतें दायर की हैं, जिन पर अदालत ने संज्ञान ले लिया है।

ईडी की जांच अभी जारी है और आगे और अधिक तथ्य सामने आने की संभावना है। इस घोटाले ने हजारों निवेशकों को भारी नुकसान पहुंचाया है और बाजार में विश्वास को गहरा झटका लगाया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement