बरगी डैम क्रूज हादसा: 4 की मौत, कई लापता; सीएम मोहन यादव ने जताया दुख, रेस्क्यू तेज करने के निर्देश

जबलपुर, 30 अप्रैल। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम तेज आंधी-तूफान के कारण हुए क्रूज हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई पर्यटक अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान चला रही हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जा रही है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि तेज आंधी-तूफान के कारण हुए इस दुखद हादसे में प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ राहत कार्य में जुटा है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, संभागीय एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि त्वरित बचाव अभियान के दौरान अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। बाकी लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

यह हादसा नर्मदा नदी के बैकवाटर क्षेत्र में स्थित खमरिया द्वीप के पास हुआ, जहां पर्यटकों से भरी क्रूज नाव अचानक आए तेज तूफान और ऊंची लहरों की चपेट में आकर पलट गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार नाव में 30 से अधिक लोग सवार थे।

पुलिस और प्रशासन के मुताबिक, अचानक मौसम बिगड़ने और तेज हवाओं के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। कई यात्री डैम के गहरे पानी में गिर गए।

घटना की सूचना मिलते ही बरगी पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, अभी भी करीब 12 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश युद्धस्तर पर जारी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement