उत्तराखंडः चकराता में झरने के उफान से थमा यमुनोत्री हाईवे, चारधाम यात्रा हुई प्रभावित

देहरादून, 31 मई । खूबसूरत और शांत हिल स्टेशन के लिए प्रसिद्ध देहरादून जिले में स्थित चकराता में मौसम ने करवट बदलने के साथ तेज बारिश हो रही है। चकराता क्षेत्र में बारिश के बाद उफान पर आए झरने ने विकासनगर-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, लखवाड़ बैंड और जूडो के बीच सड़क पर पानी और मलबा आने से चारधाम यात्रा प्रभावित हुई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ घंटों बाद बहाव कम होने पर मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार की सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी इलाकों में बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट गया है।

देहरादून में पिछले 24 घंटे में कई बार हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे आसमान में काले बादल छा गए और बूंदाबांदी शुरू हो गई थी।

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में बीते 24 घंटे के दौरान 69 मिमी बारिश दर्ज की गई है। उत्तराखंड में 86 साल में मई में एक दिन में दूसरी बार सर्वाधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। 1940 में 28 मई को एक दिन में सर्वाधिक 79 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। देहरादून में शनिवार को अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

शहर में शनिवार को तेज बारिश के साथ ही आंधी ने पर्यटकों की चिंता बढ़ा दी। बारिश और अंधड़ के कारण पर्यटक होटल लौट गए। पर्यटन नगरी मसूरी में दोपहर बाद तीन बजे मौसम ने करवट ली और बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं।

वहीं, केदारनाथ धाम सहित प्रदेश के अधिकांश ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हुई है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदलने के बाद लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी से आसपास के क्षेत्र में हल्की ठंड महसूस की जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement