दिल्ली के नरेला में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, तीन हमलावरों ने जिम के

नई दिल्ली, 3 सितंबर । उत्तरी दिल्ली के नरेला क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या से सनसनी फैल गई। यह घटना सुबह करीब 7 बजे हुई। हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर पर गोली चलाई और मौके से भाग गए। इसमें प्रॉपर्टी डीलर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक प्रॉपर्टी डीलर की पहचान 42 वर्षीय प्रमोद कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत जिले के राई के अंतर्गत आने वाले नाहरी गांव के रहने वाले थे। प्रमोद कुमार मुकुल प्रॉपर्टी के संचालक थे और गांव में मुकुल गार्डन के नाम से उनका बैंक्वेट हॉल है।

प्रमोद को नरेला के बांकनेर में जिम के बाहर गोली मारी गई। बताया गया कि तीन अज्ञात हमलावरों ने प्रमोद की हत्या की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के कारण प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी बीच, स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, इस हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।

इससे पहले, दिल्ली के रोहिणी से बीते दिन लूट और हत्या की घटना सामने आई। मृतक की पहचान करीब 60 साल के राकेश खन्ना के रूप में हुई।

शुरुआती पुलिस जांच में पता चला कि मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे तीन लोग घर में घुसे, जबकि चौथा साथी बाहर निगरानी कर रहा था। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर की रेकी की थी। रेकी 30 अगस्त को, यानी घटना से दो दिन पहले की गई थी। घर से करीब 1.5 लाख रुपए कैश और कुछ सोने के गहने लूटे गए थे।

जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पहचान सिमरन तनेजा, चिराग और पारस के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक 23 साल की सिमरन तनेजा, जो मृतक की भतीजी है, इस साजिश की मुख्य आरोपी के रूप में सामने आई।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter