बिहार : महिला के घर में पकड़े जाने पर आरोपी एएसआई निलंबित, गिरफ्तारी

मधुबनी, 3 नवंबर । बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में मौजूद सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) द्वारा की गई गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने आरोपी एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है और पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार-मंगलवार की रात करीब एक बजे की है। बाबूबरही थाना अंतर्गत बलिराजगढ़ गांव स्थित पुलिस पिकेट के पास हुई। वहां प्रतिनियुक्त एएसआई गांव की एक महिला के घर में मौजूद था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया और कुछ लोगों ने उसे घेर लिया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वहां से निकलने और भागने के प्रयास के दौरान एएसआई ने अपनी सरकारी सर्विस पिस्टल से चार राउंड फायरिंग की। गोली लगने से चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर बाबूबरही थानाध्यक्ष ने गश्ती वाहन से सभी घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी पहुंचाया। इलाज के दौरान अशोक यादव (50) की मौत हो गई। अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 तथा सदर-2 घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक और घायलों के परिजनों से मुलाकात की तथा घटनास्थल के आसपास के ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद है और पुलिस इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया गया है और उसे सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई भी आज ही की जाएगी। उसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद स्पीडी ट्रायल के जरिए उसे कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने आरोपी के संबंध में पुलिस को सूचना देने वाले व्यक्ति को अपनी ओर से 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अफवाह नहीं फैलाने और उन पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई तेजी से जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मधुबनी पुलिस ने कहा है कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और विधि-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter