पुणेः बीमा कंपनी में महिला कर्मचारी से यौन उत्पीड़न का मामला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुणे के हिंजेवाडी क्षेत्र में स्थित एक निजी बीमा कंपनी की महिला कर्मचारी ने अपने वरिष्ठ अधिकारी पर यौन उत्पीड़न, अश्लील टिप्पणियां करने, निजी मुलाकातों के लिए दबाव बनाने और नौकरी से निकालने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर हिंजेवाडी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुणे, 4 जून । पुणे के हिंजेवाडी क्षेत्र में स्थित एक निजी बीमा कंपनी की महिला कर्मचारी ने अपने वरिष्ठ अधिकारी पर यौन उत्पीड़न, अश्लील टिप्पणियां करने, निजी मुलाकातों के लिए दबाव बनाने और नौकरी से निकालने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर हिंजेवाडी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि वह एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत है और पिछले पांच माह से कंपनी में काम कर रही है। उसके अनुसार, उसके वरिष्ठ अधिकारी मोहम्मद सिद्दीकी लगातार उसका मानसिक उत्पीड़न करते थे और बाद में शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगे।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे पदोन्नति और बेहतर अवसरों का लालच देकर निजी मुलाकातों के लिए कहता था। वह अक्सर कहता था कि मुझे खुश रखोगी तो सब कुछ बेहतर होगा, नहीं तो मैं लोगों को नौकरी से निकलवा देता हूं। पीड़िता के अनुसार, पिछले दो महीनों में उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ गई थीं। जब उसने अपने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की, तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सामाजिक संगठनों से संपर्क किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता ने कहा कि आरोपी का कहना था कि 'कॉर्पोरेट लाइफ में यह सब आम बात है।' उसने आरोप लगाया कि कंपनी के माहौल से परेशान होकर कई कर्मचारी नौकरी छोड़ चुके हैं। महिला ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
इस मामले में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के पश्चिम महाराष्ट्र प्रांत संयोजक नितिन महाजन ने कहा कि 29 मई को यह मामला उनके संज्ञान में आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला का एरिया मैनेजर उसे काम के बहाने निजी बातचीत में उलझाता था, उसके व्यक्तिगत जीवन से जुड़े सवाल पूछता था और कॉर्पोरेट कल्चर के नाम पर अनुचित व्यवहार को सामान्य बताने की कोशिश करता था। उन्होंने कहा कि आरोपी महिला को डिनर और लंच पर चलने के लिए कहता था और यह समझाने का प्रयास करता था कि शहरों में कॉर्पोरेट क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए इस तरह की दोस्ती और मौज-मस्ती जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने महिला की मानहानि करने और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया।
वहीं, हिंजेवाडी पुलिस थाने के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर बालाजी पांढरे ने बताया कि 27 वर्षीय महिला कर्मचारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि पीड़िता पहले कंपनी के हेड ऑफिस में कार्यरत थी और बाद में उसका तबादला हिंजेवाडी स्थित कार्यालय में हुआ था। आरोपी मोहम्मद जाफर उर्फ सादिक मदरसाहब सैयद कंपनी में वरिष्ठ पद पर कार्यरत था और पिछले तीन से चार महीनों से महिला कर्मचारी को परेशान कर रहा था। वह कामकाज से इतर व्यक्तिगत बातचीत कर उसे असहज बनाने और छेड़छाड़ करने का प्रयास करता था।
सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर ने आगे कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे जांच जारी है।
Source: IANS
