इंफाल एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, यात्रियों से चार किलो से अधिक संदिग्ध हेरोइन बरामद

इंफाल, 5 जून । केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने इंफाल एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो यात्रियों के पास से करीब 4.09 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की है।

यह कार्रवाई एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान की गई। बरामद मादक पदार्थों के साथ दोनों यात्रियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट के डिपार्चर एंट्री गेट पर सीआईएसएफ के जवान यात्रियों की रैंडम स्क्रीनिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक यात्री का व्यवहार सुरक्षाकर्मियों को संदिग्ध लगा। बताया गया कि वह अपनी फ्लाइट छूटने की जल्दी का हवाला देकर बार-बार सामान की गहन जांच से बचने की कोशिश कर रहा था। उसके व्यवहार को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने उसके सामान की विस्तार से जांच करने का फैसला किया।

सुरक्षा जांच के दौरान जब 'एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम'(एक्स-बीआईएस) से सामान को गुजारा गया, तो स्कैनर में कुछ संदिग्ध चीजें नजर आईं। इसके बाद जब सुरक्षाकर्मियों ने दोनों डफल बैगों की गहन तलाशी ली, तो पाया कि उनके भीतर बेहद चालाकी से झूठे तल (नकली बेस) बनाए गए थे। सुरक्षाकर्मियों ने दोनों बैगों से कुल 4.09 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की। इनमें से एक बैग से 2.05 किलोग्राम और दूसरे बैग से 2.04 किलोग्राम मादक पदार्थ मिला।

इसके बाद सीआईएसएफ अधिकारियों ने यात्री से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान एक अन्य यात्री की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद उसकी पहचान कर उसे भी हिरासत में लिया गया। जांच में दोनों यात्रियों की कथित संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें बरामद मादक पदार्थों सहित स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, मामले की आगे की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। सीआईएसएफ ने कहा कि यह कार्रवाई एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों की सतर्कता, पेशेवर दक्षता और प्रतिबद्धता का उदाहरण है। समय रहते की गई इस कार्रवाई से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया गया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

ट्रेडिंग न्यूज

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement