अमृतसर में पुलिस-बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई, दो पिस्टल और 1.986 किलो हेरोइन बरामद
भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे अमृतसर के इलाकों में नशा और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने कार्रवाई तेज कर दी है।
अमृतसर, 7 नवंबर । भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे अमृतसर के इलाकों में नशा और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने कार्रवाई तेज कर दी है। अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो पिस्टल और एक खाली मैगजीन बरामद की है जबकि बीएसएफ ने दो स्थानों से करीब दो किलो हेरोइन जब्त की है।
जानकारी के अनुसार घरिंडा पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल और एक खाली मैगजीन बरामद हुई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हथियारों की सप्लाई और उनके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके। मामले में तीसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
उधर, बीएसएफ ने लोपोके थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए हेरोइन की दो खेप बरामद की। पहली कार्रवाई में जवानों ने पैकेट सहित 1 किलो 74 ग्राम वजन की खेप जब्त की। जांच के दौरान इसमें 1 किलो 6 ग्राम हेरोइन और 68 ग्राम पैकेजिंग सामग्री पाई गई। इस मामले में पाकिस्तानी तस्कर को अज्ञात आरोपी के रूप में नामजद किया गया है।
बीएसएफ की दूसरी कार्रवाई में पैकेट सहित 1 किलो 110 ग्राम वजन की खेप बरामद की गई। जांच करने पर इसमें 980 ग्राम हेरोइन और 130 ग्राम पैकेजिंग सामग्री मिली। इस मामले में भी तस्कर की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हेरोइन बरामदगी के दोनों मामले लोपोके थाना क्षेत्र में दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों की खेप कहां से भेजी गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। वहीं, हथियार बरामदगी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। सीमा पार से नशे और हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं।
वहीं, इससे पहले मंगलवार को अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों और नशे की सप्लाई करने वाले तीन अलग-अलग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12 अवैध पिस्तौल, 2 हैंड ग्रेनेड, 310.10 ग्राम हेरोइन और 33 कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी अवैध हथियारों का इस्तेमाल लोगों को डराने-धमकाने के लिए करते थे। रंगदारी की मांग को लेकर लोगों के घरों और दुकानों पर फायरिंग की जाती थी, ताकि इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर उन्हें अपनी धमकियों के आगे झुकने के लिए मजबूर किया जा सके।
Source: IANS