प्रयागराज: अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान को किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक,

प्रयागराज, 8 अगस्त । अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद को शनिवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अबान का शव फिलहाल कसारी-मसारी के पास स्थित हटवा गांव में रखा गया है, जहां उनकी बुआ प्रवीन कुरैशी रहती हैं। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग अबान के आखिरी दीदार के लिए पहुंचे।

अबान अहमद का शुक्रवार को झांसी में पोस्टमार्टम किया गया था। इसके बाद शव को हटवा गांव लाया गया। शनिवार को दफन करने से पहले शव को कसारी-मसारी स्थित अतीक अहमद के पुश्तैनी घर की जमीन पर रखा जाएगा। यह घर अब पूरी तरह मलबे में तब्दील हो चुका है। परिवार की परंपरा के अनुसार, परिवार के किसी सदस्य की मौत होने पर कब्रिस्तान ले जाने से पहले शव को इस पुश्तैनी घर पर रखा जाता है। इससे पहले एनकाउंटर में मारे गए अतीक के बेटे असद का शव भी यहां लाया गया था।

मलबे में तब्दील हो चुके पुश्तैनी मकान की बची हुई जमीन पर अंतिम रस्मों के लिए इंतजाम किए गए। यहां टेंट लगाया गया है और शव को सुरक्षित रखने के लिए डीप फ्रीजर की व्यवस्था की गई है। किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस ने भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं। कब्रिस्तान में अबान को दफनाने के लिए कब्र खोदी जा चुकी है।

वहीं, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शुक्रवार को अतीक अहमद के जेल में बंद बेटों अली और उमर को छोटे भाई अबान अहमद के जनाजे में शामिल होने के लिए पैरोल दी। अली झांसी जेल में, जबकि उमर लखनऊ जेल में बंद है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि अंतिम संस्कार के बाद दोनों भाइयों को पुलिस कस्टडी में उनकी संबंधित जेलों में वापस ले जाया जाएगा।

कोर्ट ने दोनों को सार्वजनिक सभा को संबोधित करने और मीडिया से बातचीत करने से भी रोक दिया है। इसमें सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया भी शामिल है। अदालत के निर्देश के मुताबिक दोनों केवल अंतिम संस्कार कराने वाले व्यक्ति, अपनी बुआ प्रवीन कुरैशी और भाई अहजम अहमद से बातचीत कर सकेंगे।

अबान अहमद की मौत झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुए सड़क हादसे में हुई थी। हादसे में अबान और उनके साथी सोनू की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अबान और सोनू को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद अबान का शव प्रयागराज लाया गया, जहां शनिवार को उन्हें कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter