हुगली के गोघाट में तृणमूल नेता की हत्या, भाजपा पर लगाया आरोप

कोलकाता, 10 मई । पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में रविवार को तृणमूल कांग्रेस के नेता व पंचायत सदस्य के पति की हत्या कर दी गई। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। हालांकि भाजपा ने इस आरोप का खंडन किया है।

पुलिस के मुताबिक, तृणमूल नेता का शव रविवार सुबह पार्टी कार्यालय के पीछे से बरामद किया गया। वह शनिवार से लापता थे। पुलिस ने बताया कि शव पर चोट के निशान हैं और मौके से एक लाठी भी बरामद हुई है।

पुलिस ने बताया कि मृतक तृणमूल नेता का नाम सहदेव बाग है। वह गोघाट के नकुंडा जिले के कोटा क्षेत्र के निवासी थे। मृतक की पत्नी चीना बाग कुंडा पंचायत से तृणमूल कांग्रेस की सदस्य है। परिवार का आरोप है कि चुनाव परिणाम आने के बाद से भाजपा कार्यकर्ता सहदेव को अगवा करने की धमकी दे रहे थे।

सहदेव शनिवार रात घर से निकलने के बाद लापता हो गए थे। स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह तृणमूल कार्यालय के पीछे नाले में उनका शव देखा।

मृत तृणमूल नेता की पत्नी चीना ने कहा, "भाजपा नेता चुनाव के बाद से ही उन्हें धमका रहे थे। उन्हें अगवा करके मार डाला गया। मैं सभी आरोपियों को सजा दिलाना चाहती हूं।"

मृतक की बेटी आगमोनी ने कहा कि मेरे पिता को भाजपा कार्यकर्ता धमका रहे थे। उन्होंने ही मेरे पिता की हत्या की है।

वहीं, स्थानीय तृणमूल नेता शशांक ढाक ने कहा कि हमने सहदेव को आखिरी बार शनिवार दोपहर देखा था। देर रात सहदेव की हत्या कर दी गई। भाजपा के लोगों ने यह किया है।

हालांकि, भाजपा ने हत्या के आरोप से इनकार किया है। स्थानीय भाजपा नेता डोलन दास ने कहा कि भाजपा हिंसा की राजनीति नहीं करती है। परिणाम घोषित होने के बाद से प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य के निर्देश पर क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था की जा रही है। पुलिस को घटना की जांच करने दें। दोषियों को सजा मिलेगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement