रुपए के ऊंचे फॉरवर्ड प्रीमियम को कम करने के लिए फॉरेक्स रिजर्व को फिर

नई दिल्ली, 27 नवंबर । भारत को रुपए के फॉरवर्ड प्रीमियम पर बने दबाव को कम करने और बाह्य क्षेत्र की मजबूती बढ़ाने के लिए अपने विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेक्स रिजर्व्स) को फिर से मजबूत करने की आवश्यकता है। यह बात एक्सिस बैंक इकोनॉमिक रिसर्च की शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में कही गई।

रिपोर्ट के अनुसार, निकट अवधि में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा बैलेंस शीट स्वैप जैसे उपाय फॉरवर्ड प्रीमियम को कुछ हद तक कम कर सकते हैं, लेकिन विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करना अधिक टिकाऊ और दीर्घकालिक समाधान साबित होगा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि परंपरागत रिजर्व पर्याप्तता मानकों के आधार पर भारत की प्रभावी विदेशी मुद्रा भंडार स्थिति घटकर वर्ष 2013 के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। यह संकेत देता है कि रिजर्व को फिर से मजबूत करने की आवश्यकता बढ़ रही है।

विश्लेषण के अनुसार, रुपए पर आधारित फॉरवर्ड प्रीमियम अभी भी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। 12 माह का फॉरवर्ड प्रीमियम 4.74 प्रतिशत और तीन वर्ष का फॉरवर्ड प्रीमियम 6.48 प्रतिशत दर्ज किया गया है। यह फॉरवर्ड प्रीमियम और ब्याज दर अंतर के बीच लंबे समय से बने अंतर को दर्शाता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि रुपए में गिरावट को सीमित करने के लिए आरबीआई के व्यापक हस्तक्षेप के कारण स्पॉट मार्केट में मुद्रा की चाल अपेक्षाकृत नियंत्रित रही है। हालांकि, भविष्य में रुपए के कमजोर होने की आशंकाओं के चलते फॉरवर्ड प्रीमियम ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं।

रिपोर्ट ने यह भी रेखांकित किया कि भारतीय वित्तीय प्रणाली में अमेरिकी डॉलर की तरलता अधिशेष (सरप्लस) स्थिति में है। इसके पीछे हालिया महीनों में आए मजबूत विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) प्रवाह और आरबीआई के पिछले हस्तक्षेपों को प्रमुख कारण बताया गया है।

विशेष रूप से वैश्विक स्तर पर एआई और प्रौद्योगिकी शेयरों में हुई बिकवाली के बाद बड़ी मात्रा में विदेशी पूंजी भारतीय बाजारों की ओर आई है, जिससे डॉलर की उपलब्धता बढ़ी है।

रिपोर्ट के अनुसार, विदेशी मुद्रा स्वैप, विशेषकर सेल/बाय (एस/बी) स्वैप संरचनाओं का उपयोग भी फॉरवर्ड दरों को प्रभावित कर रहा है, जिससे फॉरवर्ड मार्केट में प्रीमियम ऊंचे बने हुए हैं।

एक्सिस बैंक इकोनॉमिक रिसर्च ने कहा कि ऊंचे फॉरवर्ड प्रीमियम का एक बड़ा कारण रुपए के कमजोर होने की बाजार अपेक्षाएं और आरबीआई की सक्रिय मुद्रा प्रबंधन रणनीति है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बढ़े हुए फॉरवर्ड प्रीमियम अब ब्याज दरों की अपेक्षाओं को भी प्रभावित कर रहे हैं। ओवरनाइट इंडेक्स स्वैप (ओआईएस) बाजार के संकेत बताते हैं कि मौजूदा स्तरों की तुलना में लगभग 75 बेसिस प्वाइंट तक वृद्धि की उम्मीद बन रही है, जिसका प्रमुख कारण फॉरवर्ड मार्केट की गतिशीलता है।

गौरतलब है कि इसी सप्ताह भारतीय रुपया चालू वित्त वर्ष के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। मजबूत विदेशी पोर्टफोलियो निवेश, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और डॉलर की मांग-आपूर्ति की बेहतर स्थिति ने भारतीय मुद्रा को समर्थन दिया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter