राष्ट्रपति मुर्मु दो दिवसीय केरल दौरे पर, आदि शंकराचार्य जन्मभूमि

कोच्चि, 27 नवंबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर केरल पहुंचीं। उन्होंने एर्नाकुलम जिले में स्थित आदि शंकराचार्य के जन्मस्थान से अपने दौरे की शुरुआत की। वहां उन्होंने आदि शंकराचार्य जन्मभूमि मंदिर के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के शुक्रवार को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद केरल के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, मुख्यमंत्री वीडी सतीसन और अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया। अपनी इस यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और रक्षा संस्थानों से जुड़े कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

कलाडी से वह त्रिशूर जाएंगी, जहां लुलु इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 'वैद्यरत्नम आयुर्वेद कॉलेज' की स्वर्ण जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। वह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगी। इसके बाद, राष्ट्रपति गुरुवायुर जाएंगी और प्रसिद्ध श्री कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मु के दोपहर तक इस मंदिर नगरी में पहुंचने का कार्यक्रम है। मंदिर के दौरे के दौरान राज्य के देवस्वोम मंत्री के. मुरलीधरन भी राष्ट्रपति के साथ मौजूद रहेंगे। मंदिर में दर्शन करने के बाद वह कन्नूर जिले के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी जाएंगी, जहां वह रात रुकेंगी।

शनिवार को राष्ट्रपति मुर्मु भारतीय नौसेना अकादमी में 'ऑटम टर्म 2026' की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि और समीक्षा अधिकारी के रूप में शामिल होंगी। यह परेड सुबह 8 बजे शुरू होगी। इस समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के 400 से अधिक अधिकारी प्रशिक्षु हिस्सा लेंगे, जिनमें मित्र देशों के कैडेट भी शामिल हैं।

पासिंग आउट परेड अधिकारी प्रशिक्षुओं के प्रशिक्षण के पूरा होने और भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त अधिकारी के रूप में उनकी सेवा की शुरुआत का प्रतीक है।

समारोह के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पूर्वोत्तर राज्यों की अपनी छह दिवसीय यात्रा के तहत कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मिजोरम के लिए रवाना होंगी। इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति नागालैंड भी जाएंगी। यह दौरा 2 दिसंबर को संपन्न होगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter