असम पुलिस ने 1709 नशीली गोलियां और कफ सिरप जब्त किए, अवैध फार्मेसी

धुबरी, 11 अगस्त । असम के धुबरी जिले के 'चार' इलाके में एक अवैध फार्मेसी पर पुलिस की ओर से छापेमारी की गई। इस दौरान भारी मात्रा में दवाएं, एक खिलौना बंदूक और नकली भारतीय मुद्रा जब्त की गई। पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान इलियास सरकार के तौर पर हुई है। एक गुप्त सूचना के आधार पर धुबरी सदर पुलिस ने देर रात 'चार' इलाके में स्थित एक अवैध फार्मेसी पर छापा मारा। यह फार्मेसी ब्रह्मपुत्र नदी के उस पार धुबरी के पास भोगदाह पंचायत के अंतर्गत कालापानी सेकंड पार्ट इलाके में स्थित थी।

ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 6,300 रुपए की नकली भारतीय मुद्रा, 1709 नशीली गोलियां, कफ सिरप और एक खिलौना बंदूक जब्त की। पुलिस ने कथित तौर पर अवैध फार्मेसी चलाने वाले इलियास सरकार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए आरोपी को धुबरी सदर पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

आरोप है कि इलियास सरकार लंबे समय से फार्मेसी से अवैध दवाओं का कारोबार कर रहा था और उस पर नशीली दवाओं से जुड़ी बड़े पैमाने पर गतिविधियों में शामिल होने के गंभीर आरोप हैं।

इससे पहले 28 जुलाई को भी नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। श्रीभूमि जिले में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप की 31,800 बोतलें जब्त की थी। जब्त किए गए नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3.18 करोड़ रुपये आंकी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया था।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा था कि राज्य में नशे के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और इससे संगठित आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लग रहा है।

मुख्यमंत्री हिमंता सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर श्रीभूमि पुलिस की प्रशंसा की थी। उन्होंने लिखा था, "पूरे असम में सतर्कता के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। श्रीभूमि पुलिस को दो सफल एंटी-ड्रग ऑपरेशन के लिए बधाई, जिनमें 3.18 करोड़ रुपये मूल्य की 31,800 प्रतिबंधित बोतलें जब्त की गईं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। हर ऐसी कार्रवाई एक बड़े आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करती है।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter