हरदोई में शराब सेल्समैन से लूटपाट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार,

हरदोई, 13 नवंबर । उत्तर प्रदेश के हरदोई के कोतवाली देहात क्षेत्र में शराब सेल्समैन से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी बृजेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, 12-13 नवंबर की रात पोखरी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कोतवाली देहात क्षेत्र के रिक्खा पुरवा निवासी बृजेंद्र, अंकुर और गंगेव और हरियावां क्षेत्र के उतरा निवासी शोभित शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए 1 लाख 46 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल बाइक, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे आशानगर निवासी शराब सेल्समैन राजेश कुमार सिंह हरियावां स्थित देशी शराब का ठेका बंद कर कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। पोखरी तिराहे से करीब 100 मीटर आगे पिहानी चुंगी की तरफ पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशों ने पैसों से भरा बैग लूट लिया था। बैग में करीब ढाई से तीन लाख रुपये बताए गए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

सीओ सिटी ने बताया कि घटना के सफल व शीघ्र अनावरण के लिए तीन टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज, आसपास के लोगों से पूछताछ व सर्विलांस आदि की सहायता से घटना के अनावरण के लिए निरंतर प्रयासरत थी। इसी दौरान 12-13 नवंबर की मध्यरात्रि में मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि दो मोटरसाइकिलों पर लूट की घटना में शामिल चार आरोपी हरियावां से पोखरी तिराहे की तरफ आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम द्वारा नयागांव मोड़ पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जाने लगी।

सीओ सिटी ने बताया कि इसी दौरान पुलिस टीम को सामने से दो मोटरसाइकिलें आती दिखाई दीं, जिसमें एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति व एक मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति मौजूद था। पुलिस टीम को देखकर अपनी मोटरसाइकिलों को मोड़कर भागने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति मोटरसाइकिल को मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा उसका पीछा किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें बृजेंद्र (20) के पैर में गोली लग गई।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter