यूट्यूब से सीखकर घर में गांजा उगाने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार,

मुंबई, 16 अगस्त । मुंबई के बोरीवली इलाके में यूट्यूब वीडियो से सीखकर हाइड्रोपोनिक गांजा उगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक अवैध लैब का पर्दाफाश कर इसमें शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

बोरीवली स्थित गणपत पाटिल नगर में एम.एच.बी. कॉलोनी में पुलिस ने कार्रवाई कर अवैध लैब को ध्वस्त कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी यूट्यूब वीडियो देखकर वैज्ञानिक तरीके से हाइड्रोपोनिक गांजा उगाने की कोशिश कर रहे थे। इस लैब में तापमान, नमी और पीएच लेवल को नियंत्रित करने के साथ ग्रो एलईडी लाइट्स और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से करीब 1.62 लाख रुपए का 54 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। इसके अलावा करीब 2.5 लाख रुपए कीमत का 189 ग्राम गीला गांजा और खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। मामले में बब्बू कामत नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल ठाकुर की तलाश जारी है।

शनिवार को पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के साथ तीन मामलों का भी खुलासा किया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश पाटणकर के रूप में हुई थी। उसके खिलाफ आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वर्ष 2014 से लेकर 15 जुलाई 2026 के बीच कई लोगों को उनके बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठे। मामले में 29 जुलाई 2026 को एफआईआर दर्ज की गई थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter